चंदौली। सकलडीहा क्षेत्र के भोजापुर स्थित नमन हॉस्पिटल से रतनपुरा वाया तेनुवट तक जाने वाली सड़क का निर्माण महीनों से अधूरा पड़ा है। निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन से गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण कराने की मांग की।ग्रामीणों के अनुसार, स्टेट हाईवे की पुलिया से रतनपुरा गांव होते हुए तेनुवट तक जिला पंचायत से सड़क निर्माण प्रस्तावित है। आरोप है कि कार्यदायी संस्था ने कुछ दूरी तक निर्माण कराने के बाद सड़क पर गिट्टी डालकर काम अधूरा छोड़ दिया, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।ग्रामीणों के विरोध के बाद करीब एक सप्ताह पहले निर्माण कार्य दोबारा शुरू हुआ, लेकिन गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। उन्होंने मांग की कि सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों के अनुरूप सामग्री का इस्तेमाल किया जाए और कार्य की गुणवत्ता की जांच कराई जाए।ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि मानकों के अनुसार निर्माण नहीं कराया गया तो वे सड़क का काम नहीं होने देंगे। प्रदर्शन में रामनारायण राजभर, गोविंद राजभर, शाहिल राजभर, अच्छे राजभर, मेवा राजभर, अतुल, अनमोल, सुनीता देवी, सावित्री देवी, चिंता, बदामी और उर्मिला सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।

