चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में चोरों ने बीती रात कमलाकांत यादव के घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने घर में सो रही दोनों बहुओं के कमरों को बाहर से बंद कर दिया और बक्सा व अटैची लेकर फरार हो गए।परिजनों के अनुसार, बक्से में मंगलसूत्र, झुमका, पायल और करीब पांच हजार रुपये नकद रखे थे। रात करीब 12:30 बजे एक बहू बाथरूम जाने के लिए उठी तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। शोर मचाने पर दूसरी बहू भी जाग गई। आवाज सुनकर कमलाकांत ने दरवाजा खोला तो कमरे से बक्सा और अटैची गायब मिले।ग्रामीणों के जुटने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। घर से कुछ दूरी पर टूटे हुए बक्से और अटैची बरामद हुए। परिजनों ने बलुआ थाने में तहरीर दी है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

