चंदौली। धनतेरस और दीपावली के त्योहार को देखते हुए जनपद में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में शुक्रवार की रात वाराणसी रेंज के DIG वैभव कृष्ण चंदौली पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल और पुलिस बल के साथ मुगलसराय बाजार में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।इस दौरान DIG ने मुगलसराय के प्रमुख बाजारों और सर्राफा बाजार का निरीक्षण किया। उन्होंने दुकानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस पिकेट की सक्रियता और सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की जांच की। साथ ही बाजार में यातायात व्यवस्था का भी जायजा लिया।त्योहारों के दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए DIG ने भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बाजारों में पुलिस की नियमित गश्त सुनिश्चित करने और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने को कहा।उन्होंने वन-वे यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू कराने तथा जाम की समस्या से लोगों को राहत दिलाने पर भी जोर दिया।DIG की इस पैदल गश्त से पुलिस प्रशासन की त्योहारों को लेकर तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की सक्रियता देखने को मिली।

