नियामताबाद। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ब्लॉक इकाई नियामताबाद की बैठक बुधवार को बीआरसी नियामताबाद में ब्लॉक अध्यक्ष प्रवीण कुमार कुशवाहा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में ब्लॉक के शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया और उनके शीघ्र निस्तारण की मांग उठाई गई।बैठक में जुलाई 2026 में पूर्ण हुए शिक्षकों के चयन वेतनमान का लाभ अभी तक नहीं मिलने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। शिक्षकों ने इसे तीन दिन के भीतर निस्तारित करने की मांग की। अगस्त और सितंबर में पात्र हुए शिक्षकों का चयन वेतनमान भी समय से लगाने की मांग की गई। पूर्व में स्वीकृत चयन वेतनमान के लंबित एरियर एवं वेतन निर्धारण उपलब्ध कराने की मांग करते हुए एक सप्ताह में बकाया एरियर का निस्तारण करने की बात कही गई।इसके अलावा प्रोन्नत वेतनमान की पत्रावली शीघ्र जिले को भेजने, वेतन खाते के स्थानांतरण में आ रही समस्याओं के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की गई। विद्यालयों की क्षतिग्रस्त चाहरदीवारी व जर्जर भवनों की मरम्मत, नियमित साफ-सफाई एवं शौचालयों के सैनिटाइजेशन पर भी जोर दिया गया।शिक्षकों को बीआरसी कार्यालय में दिए गए प्रार्थना पत्रों की रिसीविंग उपलब्ध कराने तथा एफएलएन प्रशिक्षण की लंबित धनराशि के संबंध में स्पष्ट जानकारी देने की मांग भी रखी गई। बैठक में दिनेश नारायण सिंह, रामाश्रय प्रसाद आर्य, सुरेश यादव, राकेश कुशवाहा, आनंद चतुर्वेदी, काशीनाथ सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।


