सकलडीहा। ताजपुर स्थित एमबी एम्ब्रोसिया एकेडमी में गुरुवार को यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा की मौजूदगी में पुलिसकर्मियों ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।विद्यार्थियों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीटबेल्ट का प्रयोग करने की जानकारी दी गई। साथ ही रेड लाइट, जेब्रा क्रॉसिंग, सड़क संकेतों और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की गई।क्षेत्राधिकारी ने नाबालिगों को वाहन न चलाने की सलाह देते हुए कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग, ईयरफोन लगाना, गलत दिशा में चलना और मोड़ पर ओवरटेक करना दुर्घटना का कारण बन सकता है। उन्होंने यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने की अपील की।कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं ने यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिजनों को भी जागरूक करने की शपथ ली। इस दौरान विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाएं और यातायात पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

