Home उत्तरप्रदेश स्थायी उपमंडी व वेंडिंग जोन की मांग को लेकर धरने में पहुंचे...

स्थायी उपमंडी व वेंडिंग जोन की मांग को लेकर धरने में पहुंचे चंद्रशेखर यादव

0
9

मुगलसराय। फल एवं सब्जी व्यवसायी (विक्रेता) वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में स्थायी उपमंडी और व्यवस्थित वेंडिंग जोन की मांग को लेकर चल रहे अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन में शनिवार को मुगलसराय विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी चंद्रशेखर यादव पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों की मांगों का समर्थन करते हुए धरना स्थल पर मौजूद लोगों को संबोधित किया।व्यापारियों की प्रमुख मांगों में स्थायी फल-सब्जी उपमंडी की स्थापना, फुटकर विक्रेताओं के लिए स्थायी वेंडिंग जोन की व्यवस्था तथा फल-सब्जी लेकर आने वाले वाहनों को नो-एंट्री से राहत देना शामिल है। व्यापारियों का कहना है कि वे लंबे समय से इन समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं।चंद्रशेखर यादव ने कहा कि फल-सब्जी का कारोबार करने वाले छोटे व्यापारी और फुटकर विक्रेता वर्षों से अपनी मांगों को लेकर अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें स्थायी समाधान के बजाय आश्वासन मिलना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि सरकार को छोटे व्यापारियों और रेहड़ी-पटरी वालों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।उन्होंने कहा कि सड़क किनारे कारोबार करने को मजबूर व्यापारियों को बार-बार हटाने के बजाय उनके लिए व्यवस्थित और स्थायी स्थान उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से व्यापारियों की मांगों पर तत्काल सकारात्मक पहल करते हुए समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।चंद्रशेखर यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी व्यापारियों, गरीबों, मजदूरों और छोटे कारोबारियों की समस्याओं को लेकर उनकी आवाज उठाती रही है।धरना स्थल पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में फल-सब्जी व्यवसायी मौजूद रहे। व्यापारियों ने कहा कि मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।इस दौरान महेंद्र सोनकर, नारायण सोनकर, तस्लीम अंसारी, लल्लू बियार, महेंद्र माही समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here