चंदौली। एएनटीएफ यूनिट अलीनगर और गाजीपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रामनगर औद्योगिक क्षेत्र के कटरिया सर्विस लेन के पास एक कंटेनर से 2 कुंतल 51 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया। पुलिस ने बरामद गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये बताई है।पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर को एएनटीएफ गाजीपुर टीम को सूचना मिली थी कि झारखंड से गांजा लेकर एक कंटेनर कटरिया क्षेत्र में पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने कटरिया सर्विस लेन पर घेराबंदी कर संदिग्ध कंटेनर UK06CB5283 को रोककर तलाशी ली।तलाशी के दौरान कंटेनर के केबिन के ऊपर बनाए गए गुप्त बॉक्स से आठ सफेद प्लास्टिक की बोरियां बरामद हुईं। बोरियों में 120 बंडलों में कुल 2 कुंतल 51 किलो 200 ग्राम गांजा मिला।पुलिस ने मौके से बजरंग कुमार सिंह को गिरफ्तार किया। उसके पास से मोबाइल फोन, निर्वाचन कार्ड, आधार कार्ड, रिलायंस कार्ड, एसबीआई एटीएम कार्ड और 900 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि मंटू सिंह निवासी बोकारो, झारखंड ने गांजा रामनगर पहुंचाने के लिए कंटेनर में लोड कराया था।अलीनगर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/20/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



