चहनियां। रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम मठ में महापालिका अघोरेश्वर बाबा कीनाराम जी का 427वां जन्मोत्सव गुरुवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ शुरू हुआ। सूर्य की पहली किरण के साथ किन्नेश्वर महादेव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया गया। इसके बाद आरती-वंदना और सोहर गीत के साथ बाबा कीनाराम जी का दर्शन-पूजन शुरू हुआ।जन्मोत्सव में हजारों श्रद्धालु मठ परिसर पहुंचे और बाबा के चरणों में माला-फूल अर्पित कर दर्शन-पूजन किया। हर-हर महादेव और बाबा कीनाराम के जयकारों से पूरा परिसर गूंजता रहा। दिनभर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। बाबा कीनाराम इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ मंजीत लाल यादव, भैयालाल पाठक, किशन राय, सुमन अग्रहरी, प्रभात मिश्रा और राजेश उपाध्याय सहित कई कलाकारों ने प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित मेले में घरेलू सामान, खिलौने और अन्य वस्तुओं की दुकानों पर भीड़ रही। बच्चों ने झूले और चरखी का आनंद लिया। व्यंजन की दुकानों पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन और मठ के स्वयंसेवक मुस्तैद रहे। आला अधिकारी भी मठ परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।