चंदौली। जिला मुख्यालय में निजी अस्पताल के मेडिकल वेस्ट को लेकर लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि न्यू आस्था हॉस्पिटल से निकलने वाला मेडिकल कचरा सड़क किनारे स्थित कूड़ेदान में खुलेआम फेंका जा रहा है। इससे राहगीरों, आसपास के लोगों और सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य पर संक्रमण का खतरा बना हुआ है।बताया गया कि कूड़ेदान में सामान्य कचरे के साथ अस्पताल में उपचार के दौरान इस्तेमाल की गई सामग्री भी मिली। कूड़ा उठाने पहुंचे सफाई कर्मी ने मेडिकल वेस्ट से खतरा बताते हुए कहा कि “पेट का सवाल है साहब, क्या करें।”नियमों के तहत मेडिकल वेस्ट का सुरक्षित निस्तारण निर्धारित प्रक्रिया और अधिकृत एजेंसी के माध्यम से किया जाना चाहिए। आरोप है कि निस्तारण का खर्च बचाने के लिए मेडिकल कचरा खुले में फेंका जा रहा है। वहीं, प्रतिदिन मेडिकल वेस्ट निस्तारण को लेकर सीएमओ कार्यालय में गलत डाटा दिए जाने का भी आरोप है।मामले में सीएमओ परितोष मिश्रा ने कहा कि प्रकरण की जांच कराई जाएगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित अस्पताल के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

