पड़ाव से बहादुरपुर मार्ग पर सुजाबाद वार्ड और मढ़िया गांव के ग्रामीणों ने नाले का ढक्कन नहीं लगाए जाने और सड़क किनारे गंदगी छोड़ने के विरोध में मंगलवार को चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा।ग्रामीणों का आरोप है कि दो दिन पूर्व नाले की सफाई के दौरान ढक्कन हटाया गया था, लेकिन सफाई के बाद उसे दोबारा नहीं लगाया गया। मंगलवार को खुले नाले में गिरकर एक बच्चा चोटिल हो गया, जिसके बाद ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया।प्रदर्शनकारियों ने नाले पर ढक्कन लगवाने, सड़क किनारे पड़ी गंदगी हटवाने और नियमित सफाई कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि करीब एक महीने से नाला चोक होने के कारण गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। कई बार शिकायत के बाद सफाई तो कराई गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।सूचना पर पहुंची सुजाबाद चौकी पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराया।

