चंदौली। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक हुई। इसमें रामनगर औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में रामनगर औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 में सीसी रोड बनने के बाद सड़क ऊंची होने से बिजली के तार नीचे रहने की समस्या का मामला सामने आया। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम को यूपीसीडा से समन्वय कर जल्द समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए।

रामनगर औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 के मुख्य मार्ग तथा अलीनगर-सिधीताली-जोगवा-नरायनपुर मार्ग के करीब 1.5 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण पर भी चर्चा हुई। इसकी अनुमानित लागत 1503.05 लाख रुपये है। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग से समन्वय कर शासन से शीघ्र स्वीकृति कराने के निर्देश दिए।
औद्योगिक क्षेत्र के पार्कों में जलजमाव और रखरखाव की समस्या को लेकर यूपीसीडा को आठ पार्कों की प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार कर समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा कराने को कहा गया। वहीं, विद्युत बिल और असेसमेंट से जुड़े मामलों में शुभम प्लास्टिक, शुभम करवा वाणिज्य और मनोज पालीमर्स से संबंधित बिलिंग, पेनल्टी और असेसमेंट विवादों का उद्यमियों से समन्वय कर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा जफरपुर, चंदरखा और हेसामपुर की अधिग्रहित करीब 65 एकड़ भूमि पर कब्जे और मुआवजे की प्रक्रिया को भी जल्द पूरा कराने पर चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने कहा कि औद्योगिक विकास और उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बिजली विभाग, लोक निर्माण विभाग और यूपीसीडा को आपसी समन्वय से कार्य करने तथा अगली बैठक से पहले सभी लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

