रिपोर्ट: मोहम्मद अफ़ज़ल
चंदौली। पीडीडीयू नगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और राहगीरों को फुटपाथ की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को पड़ाव चौराहे पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल के निर्देश पर यातायात सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने यह कार्रवाई की।

अभियान के दौरान पड़ाव चौराहे के आसपास फुटपाथ पर दुकानदारों और अन्य लोगों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। फुटपाथ पर सामान फैलाकर रास्ता बाधित करने वाले दुकानदारों तथा अस्थायी ठेले-खोमचे लगाने वालों को पुलिस ने सख्त चेतावनी दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि दोबारा अतिक्रमण किए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने कहा कि फुटपाथ राहगीरों के आवागमन के लिए बनाए गए हैं। फुटपाथ पर कब्जा होने के कारण लोगों को सड़क पर चलना पड़ता है, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।
यातायात सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने कहा कि यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने दुकानदारों से सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग की अपील की।

अभियान के दौरान यातायात इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश यादव और जलीलपुर चौकी प्रभारी अजय यादव पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे। कार्रवाई के बाद पड़ाव चौराहे के आसपास फुटपाथ काफी हद तक अतिक्रमण मुक्त नजर आया। अधिकारियों ने आगे भी अभियान जारी रखने के संकेत दिए हैं।

