सकलडीहा, चंदौली। मानदेय बढ़ाने समेत छह सूत्रीय मांगों को लेकर आशा एवं आशा संगिनी कार्यकर्ताओं ने बुधवार को सकलडीहा में संबंधित अधिकारियों को पत्रक सौंपा। कार्यकर्ताओं ने बताया कि मांगों के समर्थन में 30 सितंबर को लखनऊ के ईको गार्डन में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।कार्यकर्ताओं की प्रमुख मांगों में आशा कार्यकर्ता को 21 हजार और आशा संगिनी सुपरवाइजर को 26 हजार रुपये मासिक मानदेय देने, राज्य कर्मचारी का दर्जा देने, नियमित मानदेय भुगतान सुनिश्चित करने तथा रिक्त पदों पर भर्ती व पदोन्नति की व्यवस्था शामिल है। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी, मोबाइल, प्रशिक्षण और बीमा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।कार्यकर्ताओं ने कहा कि आशा और आशा संगिनी ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने शासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर समस्याओं के समाधान की अपील की।

