रिपोर्ट: शिवपूजन तिवारी
पड़ाव (चंदौली)। नियामताबाद विकासखंड के पड़ाव क्षेत्र अंतर्गत बहादुरपुर स्थित कामाख्या निवास प्रांगण में रविवार को नौ दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ कलश यात्रा, विधि-विधान से पूजन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। कथा के प्रथम दिन व्यासपीठ से परम पूज्य अखिलानंद जी महाराज ने शिव महापुराण के माहात्म्य का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।

महाराज अखिलानंद जी ने कहा कि “कलियुग में जीवों के कल्याण के लिए श्री शिव महापुराण से बढ़कर कोई सरल साधन नहीं है।” उन्होंने बताया कि जिन लोगों ने पूर्व जन्मों में पुण्य अर्जित किया होता है, वही भगवान शिव की भक्ति और शिव कथा का श्रवण करने का सौभाग्य प्राप्त करते हैं। उन्होंने कहा कि शिव महापुराण सभी शास्त्रों में श्रेष्ठ है तथा इसके श्रवण मात्र से मनुष्य शिवभक्ति से युक्त होकर अंततः शिव पद को प्राप्त करता है।
कथा के दौरान उन्होंने कहा कि शिव महापुराण भवसागर से पार लगाने वाला दिव्य ग्रंथ है। यह भगवान शिव का वाङ्मय स्वरूप है और इसकी कथा रूपी अमृत का पान करने वाला व्यक्ति अपने जीवन को धन्य बना लेता है। उन्होंने बताया कि शिव महापुराण में 24 हजार श्लोक एवं सात संहिताएं वर्णित हैं, जो मानव जीवन के आध्यात्मिक उत्थान का मार्ग प्रशस्त करती हैं।
कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में श्रीमती कांति जायसवाल, निधि जायसवाल एवं शेखर जायसवाल उपस्थित रहे। कथा में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं चंदौली के पूर्व सांसद महेंद्र नाथ पांडेय भी शामिल हुए।
इस अवसर पर अनिल गुप्ता (गुड्डू), ओमप्रकाश जायसवाल, बबीता जायसवाल, कमलेश तिवारी, विशाल तिवारी, अजय राठौर, आलोक पांडेय, संतोष पाठक, अंजली राठौर, नरेंद्र मिश्रा, यज्ञ नारायण सिंह, मनोज श्रीवास्तव, श्रेयस शिव, नितेश श्रीवास्तव, शिवम पांडेय, संदीप, वीरेंद्र श्रीवास्तव, शिवम तिवारी सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने कथा का श्रवण कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।



