Home उत्तरप्रदेश चंदौली: पीडीडीयू नगर में खड़े ट्रैक्टर से टकराया अनियंत्रित ऑटो, चालक गंभीर...

चंदौली: पीडीडीयू नगर में खड़े ट्रैक्टर से टकराया अनियंत्रित ऑटो, चालक गंभीर घायल

0
21

रिपोर्ट: मोहम्मद अफ़ज़ल,

चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय (पीडीडीयू) नगर में सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ऑटो सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से जा टकराया। हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

यह हादसा मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के दुल्हीपुर के समीप हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।

सूचना मिलते ही मुगलसराय पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद चालक को वाहन से बाहर निकाला गया और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घायल की पहचान सतपोखरी, मुगलसराय निवासी 22 वर्षीय डब्लू के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो वाराणसी की ओर से आ रहा था। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर में जा घुसा। स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा भी रही कि चालक नशे की हालत में था, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस ने घायल चालक को अस्पताल पहुंचाने के बाद दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के चलते कुछ देर तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य कराया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here