मैना ताली चौकी पुलिस और दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू, जनहानि नहीं
डीडीयू नगर/चंदौली।
चंदौली जिले के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) के गल्ला मंडी क्षेत्र में शनिवार देर रात एक मकान में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

सूचना मिलते ही मैना ताली चौकी प्रभारी विजय राज अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए फायर ब्रिगेड को बुलाया। कुछ ही देर में दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। पुलिस, दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से काफी देर तक चले अभियान के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास के अन्य मकानों तक आग फैलने से रोक लिया गया।
चौकी प्रभारी विजय राज ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। प्रथम दृष्टया आग अज्ञात कारणों से लगी प्रतीत हो रही है। उन्होंने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और न ही किसी के घायल होने की सूचना है। फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।



