पीडीडीयू नगर। चर्चित दवा व्यवसायी रोहिताश पाल हत्याकांड को एक साल बीतने के बावजूद पुलिस मुख्य शूटर को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और करीब 350 लोगों से पूछताछ के बाद भी परिजनों को न्याय का इंतजार है। पुलिस ने अभिषेक सिंह उर्फ पहलवान की पहचान शूटर के रूप में की थी, लेकिन वह अब तक फरार है। वहीं, हत्या की साजिश में गिरफ्तार तीनों आरोपी जमानत पर बाहर हैं।गौरतलब है कि 18 नवंबर 2025 की रात करीब साढ़े दस बजे जीटी रोड स्थित अपनी दुकान के बाहर रोहिताश पाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हुडी पहने बदमाश वारदात को अंजाम देकर धर्मशाला रोड की ओर फरार हो गया था। घटना के बाद मेडिकल कारोबारियों ने दुकानें बंद कर विरोध प्रदर्शन किया था।पुलिस ने मामले में भानू जायसवाल, ओमप्रकाश जायसवाल और मनोज जायसवाल को गिरफ्तार किया था। तत्कालीन पुलिस अधीक्षक ने हत्या के पीछे जमीन विवाद को वजह बताया था। पुलिस के अनुसार, रोहिताश पाल जमीन के बैनामे को लेकर न्यायालय में मुकदमा लड़ रहे थे।जांच के दौरान क्राइम ब्रांच और एसटीएफ को भी लगाया गया। मोबाइल की सीडीआर खंगाली गई और संदिग्धों की तलाश की गई। जुलाई 2026 में अभिषेक सिंह की अग्रिम जमानत अर्जी भी न्यायालय ने खारिज कर दी थी, बावजूद इसके उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी।इस बीच मुगलसराय कोतवाली में तीन प्रभारी बदल गए, लेकिन हत्याकांड की गुत्थी नहीं सुलझी। रोहिताश के भाई सिद्धार्थ पाल सोशल मीडिया पर 50 से अधिक पोस्ट के जरिए न्याय की गुहार लगा चुके हैं।सीओ पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीमें लगातार शूटर की तलाश कर रही हैं। गिरफ्तारी के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा

