आंदोलन को सफल बनाने के लिए चंदौली संगठन के उपाध्यक्ष दुर्गेश कुमार ने अलीनगर डिपो और मुगलसराय स्थित चंदासी कोयला मंडी पहुंचकर ट्रक एवं टैंकर चालकों से संपर्क किया। इस दौरान उन्होंने चालकों को प्रस्तावित आंदोलन की जानकारी दी और संगठन की प्रमुख मांगों से अवगत कराया। साथ ही सभी चालकों से एकजुट होकर अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।दुर्गेश कुमार ने बताया कि चालक दिन-रात मेहनत करके माल और यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाते हैं, लेकिन उनकी सुरक्षा, सम्मान और सुविधाओं से जुड़े कई सवाल आज भी बने हुए हैं। संगठन लंबे समय से चालकों के अधिकारों और उनकी समस्याओं के समाधान की मांग उठा रहा है।उन्होंने बताया कि संगठन की प्रमुख मांगों में चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, उचित वेतन, जीवन बीमा, पेंशन की व्यवस्था, कैशलेस इलाज की सुविधा और अनावश्यक उत्पीड़न से मुक्ति शामिल है।उन्होंने कहा कि चालकों की मांगों को लेकर प्रदेशव्यापी स्तर पर आवाज उठाई जाएगी। संगठन का उद्देश्य चालकों को उनका अधिकार और सम्मान दिलाना है। अब देखना होगा कि इस आंदोलन का परिवहन व्यवस्था पर क्या असर पड़ता है और सरकार की ओर से चालकों की मांगों पर क्या कदम उठाए जाते हैं।

