चंदौली। नियामताबाद क्षेत्र में पीडीडीयू नगर से चकिया जाने वाले मुख्य मार्ग पर नाबदान और सप्लाई का पानी बहने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई दिनों से सड़क पर पानी जमा होने के कारण जगह-जगह गड्ढे और फिसलन की स्थिति बन गई है।पानी में सड़क के गड्ढे दिखाई नहीं देने से दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। वहीं, पैदल चलने वालों को भी गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।स्थानीय राहगीरों रवि, मनोज, गोपाल, काशी, मनीष, सुभाष और पवन ने बताया कि मुख्य मार्ग पर लगातार पानी बहने से आवागमन मुश्किल हो गया है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं। ऐसे में सड़क की बदहाल स्थिति कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।राहगीरों ने संबंधित विभाग से जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने, पानी के बहाव को रोकने और सड़क के गड्ढों की मरम्मत कराने की मांग की है। अब देखना है कि जिम्मेदार विभाग इस समस्या का स्थायी समाधान कब तक करता है।

