पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के शुभारंभ पर गुरुवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग और ऑटो स्टैंड में ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ श्रमदान अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना के नेतृत्व में रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वयं झाड़ू लगाकर साफ-सफाई की।इस दौरान डीआरएम ने ऑटो चालकों से संवाद कर कार्यस्थल और ऑटो स्टैंड को स्वच्छ रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि केवल सफाई करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि गंदगी फैलने से रोकना भी जरूरी है। यात्रियों और ऑटो चालकों से कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने तथा सार्वजनिक स्थानों पर गुटखा आदि खाकर थूकने से बचने का आह्वान किया गया।अभियान के दौरान यात्रियों और ऑटो चालकों को स्वच्छता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए। रेल अधिकारियों, कर्मचारियों और यात्रियों ने हस्ताक्षर अभियान में भाग लेकर स्वच्छता का संकल्प लिया। मंडल के अन्य स्टेशनों, कार्यालय परिसरों और रेलवे कॉलोनियों में भी श्रमदान एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। आगामी 15 दिनों तक सफाई, कचरा पृथक्करण, डस्टबिन के उपयोग और अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

