पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। वेस्टर्न बाजार लाट नंबर-1 स्थित पंचमुखी श्री विश्वकर्मा मंदिर परिसर में सोमवार को संगीतमय श्रीरामचरित मानस पाठ, यज्ञ-हवन, पूजन एवं कथा का आयोजन किया गया। शाम पांच बजे शुरू हुआ धार्मिक कार्यक्रम देर रात करीब 12:30 बजे तक चला। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भजन-कीर्तन व ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
अयोध्या से पहुंचे कथा वाचक पंडित संजय पाठक जी महाराज ने संगीतमय शैली में श्रीरामचरित मानस के विभिन्न प्रसंगों का वर्णन किया। उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्श, मर्यादा और सदाचार से जुड़े प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म एवं संस्कार का संदेश दिया। कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति में भाव-विभोर नजर आए।
कार्यक्रम में विधायक रमेश जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन समिति की ओर से उन्हें अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने पूजा-अर्चना कर आयोजन में सहभागिता की।
यज्ञ-हवन और पूजन में भी श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। मालती गुप्ता, आरती यादव, अनीता, रीना देवी, बबीता देवी और कलावती देवी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं भजन-कीर्तन में शामिल हुईं।
इस अवसर पर मंदिर के संरक्षक संतोष शर्मा, सचिव पारितोष शर्मा, उपाध्यक्ष चंद्र प्रकाश शर्मा सहित विश्वकर्मा परिवार के कई सदस्य मौजूद रहे। देर रात तक मंदिर परिसर में धार्मिक माहौल बना रहा।
Must Read

