चन्दौली/सकलडीहा। लगातार हो रही बारिश के बीच शनिवार को सकलडीहा कोतवाली परिसर में तहसीलदार अभिजीत प्रताप सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। बारिश के कारण समाधान दिवस में मात्र चार फरियादी ही अपनी शिकायत लेकर पहुंचे। इनमें एक शिकायत का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि अन्य प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।तहसीलदार अभिजीत प्रताप सिंह ने कहा कि जमीनी विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर जांच करे। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद निष्पक्ष तरीके से शिकायतों का निस्तारण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।थानाध्यक्ष भूपेंद्र निषाद ने कहा कि भूमि विवाद के मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्रवाई करें। मौके की स्थिति की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।इस दौरान थानाध्यक्ष भूपेंद्र निषाद, कस्बा प्रभारी अभिमन्यु सिंह सहित राजस्व कर्मी मौजूद रहे।

