चंदौली। नई शिक्षा नीति के तहत प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों में बुनियादी भाषा ज्ञान विकसित करने के उद्देश्य से एफएलएन आधारित शिक्षक प्रशिक्षण के पांचवें बैच का शुभारंभ शुक्रवार को सदर बीआरसी सभागार में हुआ। पांच दिवसीय प्रशिक्षण में सदर विकासखंड के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं शिक्षामित्रों ने प्रतिभाग किया।कार्यक्रम का शुभारंभ बीईओ डॉ. राजेश कुमार चतुर्वेदी ने मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर किया। उन्होंने कहा कि प्राथमिक शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए एफएलएन प्रशिक्षण महत्वपूर्ण है। शिक्षक प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को विद्यालयों में लागू कर बच्चों की शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करें। साथ ही प्रशिक्षण के अनुभव के आधार पर विद्यालय स्तर पर प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने का सुझाव दिया।एआरपी वंदना वर्मा ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को भाषा में दक्ष बनाने की विधियों की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों के पढ़ने के स्तर को समझने, उन्हें बेसिक और एडवांस समूहों में बांटने तथा मनोरंजक गतिविधियों के जरिए सीखने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई। बेसिक एवं एडवांस स्तर के फ्रेमवर्क पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।इस दौरान शिक्षकों को छोटे-छोटे समूहों में विषयवार चर्चा कराई गई और समूहों द्वारा गतिविधियों का प्रस्तुतिकरण किया गया। मौके पर एआरपी प्रवीण उपाध्याय, प्रितेश उपाध्याय, राजकुमार त्रिपाठी, विनोद पटेल, गुरुचरण सिंह यादव, सुमन भास्कर, कामिनी गुप्ता, निरंजन देव आदि मौजूद रहे।

