चंदौली। माननीय राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देश एवं माननीय कार्यकारी जनपद न्यायाधीश तथा अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंदौली श्री अशोक कुमार-XI के निर्देशन में बुधवार, 16 सितंबर 2026 को सचिव (पूर्णकालिक) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंदौली श्रीमती निकिता गौड़ ने वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वृद्धजनों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा उन्हें उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
सचिव ने उपस्थित वृद्धजनों को माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007 के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अधिनियम के तहत बच्चों एवं उत्तराधिकारियों पर माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण एवं देखभाल का कानूनी दायित्व निर्धारित किया गया है। वरिष्ठ नागरिकों को आर्थिक सुरक्षा, कल्याण एवं संरक्षण उपलब्ध कराने के साथ ही उनके जान-माल की सुरक्षा और आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था का भी प्रावधान है।
उन्होंने कहा कि कानून की जानकारी के अभाव तथा विभिन्न स्तरों पर प्रभावी क्रियान्वयन न होने के कारण कई वृद्धजन इसके लाभ से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में लोगों को अपने अधिकारों और उपलब्ध कानूनी सहायता की जानकारी होना आवश्यक है।
इसी क्रम में कम्पोजिट विद्यालय जगदीशसराय, चंदौली में 14 सितंबर से 28 सितंबर 2026 तक मनाए जा रहे हिंदी पखवाड़ा 2026 के संबंध में भी जागरूक किया गया। सचिव ने कहा कि हिंदी केवल भाषा नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। हिंदी पखवाड़े का उद्देश्य केवल 15 दिनों तक हिंदी का आयोजन करना नहीं, बल्कि वर्षभर दैनिक कार्यों में हिंदी के प्रयोग को प्राथमिकता देना है।
निरीक्षण के दौरान प्रबंधक गिरीजेश राय, लेखाकार राहुल विश्वकर्मा, केयरटेकर विवेक श्रीवास्तव, प्रतिभा सिंह, संजय सिंह यादव, गार्ड रामनिवास यादव, राकेश यादव, कैलाश, रसोइया तीजा देवी सहित पीएलवी उपस्थित रहे।

