चंदौली: किसान दिवस में समस्याओं के निस्तारण में हीलाहवाली पर भड़के डीएम, बंधी डिवीजन के एई को लगाई कड़ी फटकार

Must Read

चंदौली, 16 सितंबर 2026। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में किसानों ने बिजली, सिंचाई, पेयजल, जल निकासी और नहरों से जुड़ी विभिन्न समस्याएं उठाईं। समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही सामने आने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान बंधी डिवीजन के सहायक अभियंता (एई) द्वारा जिम्मेदारी के अनुरूप कार्य नहीं किए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसान अपनी समस्याओं को लेकर अधिकारियों के पास पहुंचते हैं। ऐसे में शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण संबंधित अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

किसानों ने कटशीला से जमुनीपुर माइनर की साफ-सफाई नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सिंचाई विभाग के अधिकारियों को तत्काल माइनर की सफाई कराने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

किसानों ने बिजली आपूर्ति में कटौती और लो-वोल्टेज, जल निगम से संबंधित पेयजल समस्या, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के ड्रेनों की सफाई तथा पुरानी नहरों के रेनोवेशन की समस्याएं भी रखीं। डीएम ने संबंधित विभागों को बेहतर रणनीति तैयार कर ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।

वहीं मरुई गांव में गढ़ई के कुछ हिस्से को पाटकर अवैध कब्जा किए जाने के मामले में कुछ लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ने कब्जे में संलिप्त सभी लोगों के खिलाफ चार्जशीट के बाद नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रतन वर्मा, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव, जिला खाद्य विपणन अधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह, अधिशासी अभियंता चंद्र प्रभा सहित विद्युत, सिंचाई और कृषि विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों द्वारा उठाई गई समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Latest News

20 साल से विकास की राह देख रहा मछरिया हसनपुर, बदहाल रास्तों से स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी

चंदौली। ग्राम सभा मछरिया हसनपुर में सड़क और रास्तों की बदहाली ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई...

More Articles Like This