चंदौली में राष्ट्रीय लोक अदालत में 1,53,287 वादों का निस्तारण, 4.60 करोड़ की समझौता राशि

Must Read

चंदौली। राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन शनिवार, 12 सितंबर 2026 को जनपद चंदौली में किया गया। सदर तहसील सभागार में माननीय प्रशासनिक न्यायमूर्ति श्री तेज प्रताप तिवारी, उच्च न्यायालय इलाहाबाद, ने मुख्य अतिथि के रूप में वर्चुअल माध्यम से दीप प्रज्वलित कर राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर कार्यकारी जनपद न्यायाधीश श्री अशोक कुमार, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय श्री किरन पाल सिंह, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण की पीठासीन अधिकारी श्रीमती रश्मि नन्दा, स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष श्री सुबेदार सिंह, विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी एक्ट श्री राम बाबू यादव, विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट एवं नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत श्री विकास वर्मा सहित जनपद न्यायालय के न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल, अग्रणी जिला प्रबंधक आशीष मिश्रा, बैंक अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं न्यायालय कर्मचारियों ने भी सहभागिता की।

राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान तहसील परिसर स्थित न्यायालयों, जनपद न्यायालयों तथा जनपद के सभी बैंकों में फिजिकल मोड में मामलों का निस्तारण किया गया। जनपद न्यायालयों द्वारा कुल 10,070 मुकदमों का निस्तारण किया गया। इनमें मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के 63 वादों में 4 करोड़ 39 लाख 30 हजार रुपये का प्रतिकर दिलाया गया। स्थायी लोक अदालत द्वारा चार मामलों में 21 लाख 64 हजार 389 रुपये की समझौता राशि दिलाई गई।

परिवार न्यायालय द्वारा 46 वादों का निस्तारण किया गया, जिसमें पांच दंपतियों को साथ भेजा गया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय द्वारा 4,578 वादों तथा अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रेलवे द्वारा 1,720 वादों का निस्तारण किया गया। इसके अलावा विद्युत, सिविल, आपराधिक एवं अन्य मामलों का भी निस्तारण किया गया।

जनपद न्यायालयों द्वारा कुल 11,96,035 रुपये अर्थदंड वसूल किया गया, जबकि 4,60,94,389 रुपये की समझौता राशि दिलाई गई। पांच मामलों में 66,35,481 रुपये के उत्तराधिकार प्रमाण पत्र जारी किए गए।

वहीं, जनपद के सभी बैंकों द्वारा 1,368 ऋण खातों का निस्तारण करते हुए 9 करोड़ 29 लाख 34 हजार 500 रुपये की समझौता राशि तय की गई तथा 2 करोड़ 70 लाख 30 हजार 500 रुपये नकद वसूले गए।

जनपद के सभी राजस्व न्यायालयों द्वारा भी 1,41,849 मामलों का निस्तारण किया गया। इस प्रकार न्यायालय, राजस्व विभाग एवं बैंकों को मिलाकर चंदौली में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 1,53,287 वादों का निस्तारण किया गया।

उक्त जानकारी श्रीमती निकिता गौड़, सचिव (पूर्णकालिक), जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चंदौली द्वारा दी गई।

Latest News

20 साल से विकास की राह देख रहा मछरिया हसनपुर, बदहाल रास्तों से स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी

चंदौली। ग्राम सभा मछरिया हसनपुर में सड़क और रास्तों की बदहाली ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई...

More Articles Like This