चंदौली। फायर एनओसी जारी करने में अनावश्यक देरी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल ने बुधवार को मुख्य अग्निशमन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं, अभिलेखों, अग्निशमन वाहनों और जीवन रक्षक उपकरणों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने परिसर में मौजूद अग्निशमन वाहनों, वाटर टेंडर, पंप और अन्य उपकरणों की क्रियाशीलता जांची। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी वाहन और अग्निशमन उपकरण 24 घंटे पूरी तरह ऑपरेशनल स्थिति में रहें, ताकि आगजनी या किसी आपात स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
एसपी ने आपदा सूचना रजिस्टर, वाहन मेंटेनेंस रजिस्टर और ड्यूटी रोस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सभी रिकॉर्ड नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए। साथ ही आग की घटनाओं में क्विक रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने के लिए रूट प्लान और संसाधनों की पूर्व तैयारी दुरुस्त रखने को कहा।

उन्होंने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों, विद्यालयों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित फायर सेफ्टी मॉकड्रिल और जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। कर्मचारियों के बैरक, मेस और आवासीय परिसर की स्वच्छता का भी जायजा लिया।
एसपी ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की फायर एनओसी अनावश्यक रूप से लंबित है तो वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय में इसकी सूचना दे सकता है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

