चंदौली। नियामताबाद क्षेत्र के ग्राम सभा गौरी में सड़क और नाली की समुचित व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों को बारिश के मौसम में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव की कई सड़कों पर बारिश का पानी जमा होने से कीचड़ की स्थिति बन गई है, जिससे लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों के अनुसार गांव में कई स्थानों पर अब तक नाली का निर्माण नहीं कराया गया है। जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर ही जमा रहता है। कीचड़ और फिसलन के चलते बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को आने-जाने में काफी दिक्कत होती है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार लोग फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क, नाली और जलनिकासी की समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। प्रत्येक वर्ष बारिश के दौरान गांव में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी चंदौली से मामले का संज्ञान लेकर गांव में सड़क एवं नाली का निर्माण कराने तथा जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क, नाली और जलनिकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में उन्हें हर साल परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने जल्द स्थायी समाधान की मांग की है।

