चंदौली: लाल बहादुर शास्त्री कटरा में जर्जर दुकान का बरामदा गिरा, बड़ा हादसा टला

Must Read

रिपोर्ट: मोहम्मद अफ़ज़ल,

चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के लाल बहादुर शास्त्री कटरा स्थित एक जर्जर दुकान का बरामदा सोमवार को अचानक भरभराकर गिर गया। संयोगवश हादसे के समय सभी दुकानें बंद थीं और आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बरामदा गिरने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। यदि यह हादसा बाजार के व्यस्त समय में होता, तो जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था।

स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों का कहना है कि कटरा परिसर की कई दुकानें वर्षों से जर्जर अवस्था में हैं। उनकी मरम्मत और रखरखाव की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन नगर पालिका प्रशासन ने इस ओर गंभीरता नहीं दिखाई। लोगों का आरोप है कि पालिका का ध्यान आय का प्रमुख स्रोत मानी जाने वाली इन दुकानों के रखरखाव के बजाय अन्य निर्माण कार्यों और भवनों के नवीनीकरण पर अधिक केंद्रित है।

घटना के बाद व्यापारियों ने नगर पालिका से कटरा की सभी जर्जर दुकानों का तत्काल सर्वे कराने, आवश्यक मरम्मत कराने तथा असुरक्षित भवनों को चिन्हित कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।

Latest News

20 साल से विकास की राह देख रहा मछरिया हसनपुर, बदहाल रास्तों से स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी

चंदौली। ग्राम सभा मछरिया हसनपुर में सड़क और रास्तों की बदहाली ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई...

More Articles Like This