चंदौली: चहनियां कस्बे में झांसा देकर वृद्ध महिला के कान के कर्णफूल उड़ाए, एक सप्ताह में दूसरी वारदात

Must Read

रिपोर्ट: मोहम्मद अफ़ज़ल

चंदौली। जिले के बलुआ थाना क्षेत्र के चहनियां कस्बे में ठगी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शनिवार शाम दो अज्ञात ठगों ने एक वृद्ध महिला को बातों में उलझाकर उसके कान के कर्णफूल उड़ा दिए। पीड़िता के पुत्र ने रविवार को बलुआ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, बलुआ थाना क्षेत्र के हरधन जुड़ा गांव निवासी बादामी देवी फगुइयां स्थित रिश्तेदारी से लौटकर टेम्पो से चहनियां चौराहे पर उतरी थीं। वह पहले फल खरीदने के लिए रुकीं, लेकिन दाम अधिक होने पर पास की सब्जी की दुकान पर चली गईं। इसी दौरान टेम्पो से पीछे-पीछे आए दो अज्ञात युवक भी वहां पहुंच गए।

ठगों ने एक कागज जमीन पर गिराकर महिला से कहा कि उनका कागज गिर गया है। फिर बातचीत के दौरान उन्हें यह कहकर भ्रमित किया कि कान के कर्णफूल निकालकर झोले में रख लें, नहीं तो कोई छीन लेगा। उनकी बातों में आकर महिला ने कर्णफूल झोले में रख दिए। इसी दौरान दोनों युवकों ने चालाकी से झोले से कर्णफूल निकाल लिए और मौके से फरार हो गए।

कुछ देर बाद जब महिला ने अपना सामान संभाला तो कर्णफूल गायब मिले। उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन दोनों ठगों का कोई पता नहीं चला। घर पहुंचकर उन्होंने परिजनों को घटना की जानकारी दी। रविवार को पुत्र के साथ बलुआ थाने पहुंचकर तहरीर दी गई।

गौरतलब है कि चहनियां कस्बे में एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी ऐसी घटना है। इससे पहले 26 जुलाई को राधिका देवी नामक महिला को भी इसी तरह झांसा देकर मंगलसूत्र, कर्णफूल और तीन हजार रुपये लेकर ठग फरार हो गए थे। लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में दहशत है और कस्बे में सक्रिय ठग गिरोह पर कार्रवाई की मांग उठ रही है।

Latest News

20 साल से विकास की राह देख रहा मछरिया हसनपुर, बदहाल रास्तों से स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी

चंदौली। ग्राम सभा मछरिया हसनपुर में सड़क और रास्तों की बदहाली ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई...

More Articles Like This