चंदौली। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलीनगर थाना पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 7.424 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा एक हैंड बैग और एक पिट्ठू बैग में रखा हुआ था।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में 27 जुलाई को यह कार्रवाई की गई। आरपीएफ से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने डीएफसीसीआईएल लाइन के पास संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से कुल 7.424 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्सव सिंह (28 वर्ष) पुत्र रवीन्द्र प्रताप सिंह, निवासी ग्राम खड़ेहरा, थाना सकलडीहा, जनपद चंदौली के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बिहार से गांजा लाकर छोटे-छोटे पैकेट बनाकर स्थानीय स्तर पर बेचता था और इससे आर्थिक लाभ कमाता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना अलीनगर में मुकदमा संख्या 469/2026 के तहत धारा 8/20, एनडीपीएस अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

