चंदौली। जनपद के पड़ाव स्थित अघोर पीठ अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम में मंगलवार को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने अपने गुरु के श्रीचरणों में नमन कर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया।
सुबह से ही श्रद्धालुओं का आश्रम पहुंचना शुरू हो गया था। भक्तों ने विधि-विधान से गुरु पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और समाज में शांति एवं खुशहाली की कामना की। पूरे आश्रम परिसर में भजन-कीर्तन, मंत्रोच्चार और आध्यात्मिक वातावरण से श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते पड़ाव चौराहे और आसपास के क्षेत्रों में मेले जैसा दृश्य देखने को मिला। दूर-दराज से आए भक्तों की वजह से पूरे दिन क्षेत्र में चहल-पहल बनी रही और धार्मिक उत्साह चरम पर रहा।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। आश्रम परिसर एवं आसपास के इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से दर्शन-पूजन कर गुरु के प्रति अपनी अटूट आस्था प्रकट की। धार्मिक उल्लास, अनुशासन और श्रद्धा से परिपूर्ण इस आयोजन ने गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा को एक बार फिर जीवंत कर दिया।


