चन्दौली। पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में रविवार को पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सैनिक सम्मेलन तथा पुलिस पेंशनर्स के साथ बैठक आयोजित की। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों और सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों की समस्याएं सीधे सुनीं और उनके समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सैनिक सम्मेलन में पुलिसकर्मियों ने विभागीय, व्यक्तिगत, ड्यूटी से जुड़ी कठिनाइयों और कल्याण संबंधी समस्याओं से एसपी को अवगत कराया। एसपी ने सभी समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनते हुए प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
एसपी ने कहा कि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिसकर्मी जनता के साथ शालीन, संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार करें। उन्होंने कानून-व्यवस्था मजबूत रखने, अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने तथा महिला और बाल अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए। पीड़ितों की शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के साथ ही पुलिसकर्मियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनने और आधुनिक पुलिसिंग के साधनों का प्रभावी उपयोग करने पर भी जोर दिया।
इसके बाद पुलिस पेंशनर्स के साथ बैठक में पेंशन संबंधी प्रकरणों, विभागीय अभिलेखों, चिकित्सा सुविधाओं और अन्य कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं एवं सुझावों पर चर्चा की गई। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार परीक्षण कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी और कर्मचारी पुलिस विभाग की महत्वपूर्ण धरोहर हैं। उन्होंने अपने सेवाकाल में विभाग और समाज की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसलिए उनके कल्याण और समस्याओं का समाधान पुलिस विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है।
एसपी ने पुलिसकर्मियों एवं पेंशनर्स को आश्वस्त किया कि उनकी जायज समस्याओं के समाधान के लिए विभागीय स्तर पर हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित मामलों की प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी। दोनों कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में सम्पन्न हुए।

