चंदौली। मुगलसराय तहसील क्षेत्र के ग्रामसभा आलमपुर के खांजहां चक में जलभराव और मूलभूत सुविधाओं की समस्या से परेशान ग्रामीणों का मंगलवार को गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने गंदे पानी में खड़े होकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन से समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की।

ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के दिनों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण गांव की गलियों में पानी भर जाता है। कई स्थानों पर लंबे समय तक पानी जमा रहने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें मजबूरी में इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है।

जलभराव के कारण घरों के आसपास जहरीले कीड़े-मकोड़ों का खतरा भी बना रहता है। इससे बच्चों और बुजुर्गों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में लंबे समय से नाली, सड़क, जल निकासी और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने, सड़क की समस्या दूर करने तथा पेयजल व्यवस्था में सुधार की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जलभराव के कारण उनकी परेशानियां और बढ़ सकती हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि समस्या का समाधान केवल आश्वासन तक सीमित न रहे, बल्कि मौके पर तत्काल कार्रवाई कर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए।

