चंदौली। नियामताबाद क्षेत्र के धरना छित्तमपुर में नागपंचमी के अवसर पर विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में गड़वा, मुगलसराय, रामनगर सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे पहलवानों ने अपने दमखम और कुश्ती के शानदार दांव-पेंच का प्रदर्शन किया।

पहलवानों के रोमांचक मुकाबले देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और कुश्ती प्रेमी मौजूद रहे। दर्शकों ने तालियों और उत्साहवर्धन के साथ पहलवानों का हौसला बढ़ाया। दंगल की अंतिम कुश्ती विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इसमें रामनगर के पहलवान आकाश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। विजेता पहलवान को आयोजकों की ओर से 3,000 रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
दंगल के दौरान पहलवानों ने पारंपरिक कुश्ती के विभिन्न दांव-पेंच दिखाकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। आयोजन का संचालन कल्लू पहलवान ने किया, जबकि परमानंद बिंद आयोजन के संस्थापक रहे। विनोद बिंद ने रेफरी की भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि इरशाद अहमद, बबलू, इस्तखार भाई, कमला बिंद, तिलकधारी बिंद, चंद्रशेखर यादव, बृजेश बिंद, श्यामजी प्रधान (धरना), धर्मेंद्र प्रधान (छित्तमपुर), समाजसेवी अनिल पटेल, डब्लू, विनोद बिंद और सत्य प्रकाश बिंद सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। वहीं पवन पटेल, सुनील पटेल, राजन, संदीप सहित अन्य ग्रामीणों ने आयोजन में सहयोग किया।

आयोजकों ने कहा कि कुश्ती ग्रामीण क्षेत्र की पारंपरिक खेल संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय पहलवानों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है और युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ती है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रेलवे चौकी इंचार्ज शिव पूजन बिंद पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे।

