मुगलसराय। पूर्व मध्य रेल के पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल (डीडीयू मंडल) में अक्टूबर 2026 के दौरान सेवानिवृत्त हुए रेलकर्मियों के सम्मान में सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के मीटिंग हॉल में समापक भुगतान समारोह का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक सूरज कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में 11 सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को उनके समस्त अभिलेखों के साथ विभिन्न मदों में देय कुल 3 करोड़ 41 लाख 8 हजार 270 रुपये का समापक भुगतान प्रदान किया।समारोह के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों का स्वागत किया गया। साथ ही उन्हें समापक भुगतान की प्रक्रिया और विभिन्न देयकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने सेवानिवृत्ति के बाद बेहतर स्वास्थ्य देखभाल, वित्तीय सतर्कता और डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय भी बताए।इस अवसर पर स्थानीय स्टेट बैंक शाखा के प्रबंधक आशुतोष कुमार श्रीवास्तव ने सेवानिवृत्ति के दौरान प्राप्त होने वाली धनराशि की सुरक्षा और सुरक्षित वित्तीय लेन-देन के प्रति कर्मचारियों को जागरूक किया। वहीं, पूर्व मध्य रेल पेंशनर्स एसोसिएशन, डीडीयू के महामंत्री जयनाथ शर्मा भी उपस्थित रहे।कार्यक्रम में विभिन्न शाखाओं के अधिकारी, मान्यता प्राप्त यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि, सेवानिवृत्त रेलकर्मी और उनके परिजन मौजूद रहे। समारोह का उद्देश्य सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक उनके सभी देयकों का भुगतान सुनिश्चित करना रहा।

