चकिया। बाल दिवस के अवसर पर शनिवार को तिलौरी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में पूर्वांचल पोस्ट फाउंडेशन उत्तर प्रदेश की ओर से संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों को शिक्षण सामग्री वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख शंभूनाथ यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव, डॉ. प्रदीप कुमार मौर्य एवं डॉ. गीता शुक्ला ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद मां सरस्वती एवं पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।ब्लॉक प्रमुख शंभूनाथ यादव ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उन्हें बेहतर शिक्षा और उचित मार्गदर्शन देकर जिम्मेदार नागरिक बनाया जा सकता है। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि बाल दिवस बच्चों की शिक्षा, अधिकारों और सर्वांगीण विकास के प्रति जागरूक होने का अवसर है।संगोष्ठी में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अच्छे संस्कार और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर वक्ताओं ने अपने विचार रखे। शिक्षण सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष संदीप गुप्ता आशु, ग्राम प्रधान चंदन, दीपक चौहान, ईशान गुप्ता, रोहित सोनकर, रवींद्र मौर्य, फाउंडेशन के प्रबंधक प्रशांत कुमार, कार्तिकेय पांडेय, कोषाध्यक्ष अमरदीप कुमार, प्रधानाध्यापिका पूनम कुमारी, पूजा मौर्य, कनकलता मौर्य, मंगला सिंह, सुमित कुमार कुशवाहा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

