इस अवसर पर डॉ. कृष्णानंद पांडेय ने छठ व्रत कर रही माताओं-बहनों एवं क्षेत्रवासियों को महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, आस्था, विश्वास और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अद्भुत प्रतीक है। इस पर्व में लोग पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ भगवान सूर्य की उपासना करते हैं।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन में अनुशासन, त्याग, तपस्या, धैर्य और सकारात्मक सोच रखने की भी प्रेरणा देता है। यह पर्व हमें संदेश देता है कि जिसका अस्त होता है, उसका उदय भी निश्चित है। इसलिए जीवन में विपरीत परिस्थितियां आने पर निराश होने के बजाय विश्वास और धैर्य के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि छठ पूजा सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का भी संदेश देती है। इस पावन अवसर पर समाज के सभी वर्गों के लोग एक साथ मिलकर पर्व मनाते हैं। यही भारतीय संस्कृति की खूबसूरती और विशेषता है।
अंत में उन्होंने छठी मइया से प्रार्थना की कि सभी के परिवारों में सुख, शांति, आरोग्य और खुशहाली बनी रहे तथा क्षेत्र में आपसी प्रेम और भाईचारा कायम रहे।



