चन्दौली। सकलडीहा कस्बे में डाला छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को दर्जनों महिलाओं ने प्राचीन शिव सरोवर स्थित छठ घाटों पर पहुंचकर साफ-सफाई की और पूजा के लिए घाटों का नामकरण किया। इस दौरान महिलाओं ने सरोवर में पानी की कमी और दूषित पानी को लेकर नाराजगी जताई। महिलाओं ने प्रशासन से समय रहते घाटों की सफाई और सरोवर में स्वच्छ पानी की व्यवस्था कराने की मांग की है।सकलडीहा के प्राचीन शिव सरोवर पर प्रतिवर्ष तीन दिवसीय डाला छठ महापर्व बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। यहां सकलडीहा, नागेपुर, तेंदुई, ईटवा, बलारपुर, टिमिलपुर और सिरोहुपुर समेत आसपास के गांवों से हजारों की संख्या में महिलाएं पूजा-अर्चना करने पहुंचती हैं। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था भी की जाती है।स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कई दिनों से घाटों के निर्माण कार्य के चलते सरोवर का पानी दूषित हो गया है। वहीं, सरोवर में पर्याप्त पानी नहीं होने से व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ गई है। पिछले दो दिनों से घाटों पर नामकरण और तैयारी के लिए पहुंच रहीं महिलाएं लगातार इस समस्या को उठा रही हैं।समाजसेवी संत सेठ, संजय जायसवाल, राजेंद्र प्रसाद, रामआशीष राय और निरंजन सेठ ने जिला प्रशासन से छठ पर्व से पहले सरोवर की सफाई और स्वच्छ पानी की व्यवस्था कराने की मांग की है।इस संबंध में बीडीओ विजय कुमार सिंह ने बताया कि सरोवर की साफ-सफाई और पानी की व्यवस्था के लिए संबंधित सचिव को निर्देशित किया गया है। जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।

