चन्दौली। कृषि विज्ञान केंद्र बिछियां में गुरुवार को युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ खंड विकास अधिकारी सदर शशिकांत पांडेय ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।उत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। जनपद के विभिन्न विकास खंडों के युवा कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि ने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कला समाज को नई दिशा देने का माध्यम है।प्रतियोगिता में लोकनृत्य में चहनियां ब्लॉक प्रथम और नियामताबाद द्वितीय रहा। लोकगीत में चहनियां को द्वितीय स्थान मिला। चित्रकला में गौरव कुमार प्रथम और निहारिका द्वितीय रहीं। कविता लेखन में नौगढ़ के अभिषेक चौबे प्रथम और सदर की सोनम कुमारी द्वितीय रहीं। नुक्कड़ नाटक में सकलडीहा प्रथम और सदर द्वितीय स्थान पर रहा।विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला युवा कल्याण अधिकारी धर्मेंद्र कुमार सहित विभागीय अधिकारी, निर्णायक एवं बड़ी संख्या में कलाकार उपस्थित रहे।

