सकलडीहा (चंदौली)। विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहीं आशा व आशा संगिनी कार्यकर्ताओं ने मांगें पूरी होने तक नियमित सरकारी कार्यों का बहिष्कार जारी रखने का निर्णय लिया है। इस संबंध में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सकलडीहा के अधीक्षक को पत्र सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया है।जिला महामंत्री मनोरमा सिंह के अनुसार, आशा कार्यकर्ताओं ने 30 सितंबर 2026 से लखनऊ के ईको गार्डन में चल रहे धरने के क्रम में आंदोलन शुरू किया है। उनका कहना है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के नोडल अधिकारी की ओर से 15 दिन का समय दिए जाने के बावजूद मांगों पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री की ओर से मांगों पर सकारात्मक निर्णय होने तक टीकाकरण, संचारी रोग नियंत्रण अभियान, एएए बैठक, कम्युनिटी मीटिंग और अन्य नियमित स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्यों का बहिष्कार जारी रहेगा।हालांकि, आशा कार्यकर्ताओं ने मानवीय आधार पर प्रसव तथा जच्चा-बच्चा से संबंधित आपातकालीन सेवाओं में सहयोग जारी रखने की बात कही है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने और समस्या का समाधान करने की अपील की है।इस दौरान जिला अध्यक्ष कामिनी शर्मा, सविता देवी, गायत्री मौर्य, प्रेमा देवी, रेशमा देवी, सीमा सिंह, पुष्पलता, उमरावती, प्रतिमा, मानकी देवी, गीता देवी सहित अन्य आशा व आशा संगिनी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

