डीडीयू मंडल में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, छह माह में दुर्घटनाओं के सभी प्रमुख मामले शून्य

Must Read

रिपोर्टर: रघु बिंद पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर। पूर्व मध्य रेल के अति व्यस्त पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार निगरानी, जांच और सुधारात्मक कार्रवाई की जा रही है। मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना के मार्गदर्शन में संरक्षा विभाग द्वारा विभिन्न विभागों के साथ समन्वय कर रेल परिचालन की सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जा रही है।
चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही यानी अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान मंडल में कोई परिणामी रेल दुर्घटना, मुख्य लाइन अथवा यार्ड में ट्रेन के पटरी से उतरने, सिग्नल पार करने अथवा समपार फाटक पर दुर्घटना का मामला दर्ज नहीं हुआ। इस अवधि में संरक्षा को प्रभावित करने वाली उपकरण विफलताओं की स्थिति भी शून्य रही।
पिछले दो वित्त वर्षों में संभावित संरक्षा जोखिमों की समय रहते पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की गई। वर्ष 2024-25 में 63 और 2025-26 में 57, कुल 120 मामलों में संभावित संरक्षा जरूरतों की पहचान कर सुधारात्मक कार्रवाई की गई।
संरक्षा के प्रति कर्मचारियों की सजगता को प्रोत्साहित करने के लिए चालू वित्त वर्ष में विभिन्न विभागों के 19 रेलकर्मियों को मासिक संरक्षा पुरस्कार प्रदान किए गए हैं। वहीं अब तक 250 से अधिक गहन एवं औचक निरीक्षण किए जा चुके हैं। इनमें स्टेशन-कैबिन, समपार फाटक, फुटप्लेट, एम्बुश और रात्रिकालीन जांच शामिल हैं। रात्रिकालीन जांच के दौरान ब्रेथ एनालाइजर से भी जांच की गई।
इसके अलावा 5 क्रॉस-फंक्शनल संरक्षा ऑडिट और 13 विशेष संरक्षा अभियान चलाए गए। इनमें अग्नि सुरक्षा, मानसून सावधानियां, शंटिंग सुरक्षा, वातानुकूलित कोच तथा पॉइंट्स एवं क्रॉसिंग की जांच शामिल है।
मंडल में रेल और सड़क यातायात की सुरक्षा के लिए सभी 102 समपार फाटकों पर मानवयुक्त व्यवस्था है। इनमें 46 इंटरलॉक्ड और 56 नॉन-इंटरलॉक्ड फाटक शामिल हैं। रेल सुरक्षा को लेकर आम लोगों के बीच जागरूकता अभियान भी लगातार चलाए जा रहे हैं।
रेलवे की ओर से कहा गया कि संरक्षा एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। यात्रियों, रेलकर्मियों और माल परिवहन के लिए सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निरीक्षण, प्रशिक्षण, जोखिम की पहचान और आवश्यक सुधार की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।

Latest News

चन्दौली में जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन, लोकनृत्य और लोकगीत में चहनियां ब्लॉक प्रथम

चन्दौली। कृषि विज्ञान केंद्र बिछियां में गुरुवार को युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से जिला...

More Articles Like This