चन्दौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस के अनुसार, स्वाट, सर्विलांस टीम और थाना सैयदराजा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 1,185 पेटी यानी 10,451.52 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब पकड़ी है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई गई है।पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई NH-19 स्थित काले शाह बाबा की मजार के पास वाहन चेकिंग के दौरान की गई। चन्दौली की ओर से आ रहे संदिग्ध ट्रक को रोकने पर चालक ने भागने का प्रयास किया, जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेरा राम उर्फ सुरेश कुमार (23 वर्ष), निवासी बाड़मेर, राजस्थान के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान ट्रक में लकड़ी के बुरादे से भरी बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई शराब बरामद हुई।पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह हरियाणा के पानीपत के पास से शराब लेकर बिहार जा रहा था और इसके बदले उसे एक लाख रुपये मिलने थे।मामले में आबकारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


