सकलडीहा, चन्दौली। सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को युवाओं की बड़ी जुटान देखने को मिली। सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में युवा पहुंचे। युवाओं की मौजूदगी से कार्यक्रम में उत्साह का माहौल रहा।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने भाजपा सरकार की नीतियों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने रोजगार, महंगाई, किसानों की समस्याओं तथा पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। विधायक ने कहा कि युवाओं के सामने रोजगार की चुनौती बनी हुई है, जबकि महंगाई का असर आम लोगों के जीवन पर पड़ रहा है।उन्होंने किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए सिंचाई, जलभराव और क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी सरकार और प्रशासन से सवाल किए। विधायक ने कहा कि विकास योजनाओं और आर्थिक आंकड़ों की चर्चा के साथ युवाओं को रोजगार तथा किसानों की समस्याओं के स्थायी समाधान पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।उन्होंने युवाओं से अपने अधिकारों और भविष्य को लेकर जागरूक रहने तथा जनहित के मुद्दों पर मजबूती से आवाज उठाने की अपील की। संबोधन के दौरान युवाओं में उत्साह दिखाई दिया।कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे। संगठन को मजबूत करने तथा युवाओं को जनहित के मुद्दों से जोड़ने पर भी चर्चा हुई। इस दौरान अनिल यादव, प्रभात यादव, बबलू यादव, जितेंद्र यादव, संजय यादव, मुलायम यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

