पीडीडीयू नगर। मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना के दिशा-निर्देश पर पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल में स्वच्छता अभियान के साथ पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र के विस्तार पर विशेष जोर दिया जा रहा है। रेलवे कॉलोनियों समेत विभिन्न परिसरों में पौधारोपण और हरित क्षेत्र विकसित करने की गतिविधियां जारी हैं।वर्तमान स्वच्छता अभियान के दौरान मंडल में 750 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इससे पहले विश्व पर्यावरण दिवस-2025 पर 500, स्वच्छता पखवाड़ा-2025 में 800 और विश्व पर्यावरण दिवस-2026 अभियान के दौरान करीब 1,000 पौधे लगाए जा चुके हैं। रेलकर्मियों और आम लोगों को पौधारोपण के लिए जागरूक करने के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियानों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।वहीं, प्लास्टिक कचरे के प्रभावी प्रबंधन के लिए पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पर 18 प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनें संचालित हैं। इन मशीनों को विभिन्न प्लेटफार्मों, कॉनकोर्स और दक्षिणी यात्री हॉल में लगाया गया है। इनके माध्यम से यात्रियों द्वारा फेंकी जाने वाली प्लास्टिक बोतलों को मौके पर ही क्रश कर संग्रह एवं पुनर्चक्रण की प्रक्रिया को आसान बनाया जा रहा है।इसके अलावा गया जंक्शन पर 20, डेहरी-ऑन-सोन पर 6 और सासाराम स्टेशन पर 5 मशीनें लगाने का प्रस्ताव है। अधिकारियों के अनुसार इन स्टेशनों पर व्यवस्था शुरू होने के बाद स्वच्छता और प्लास्टिक प्रबंधन को और मजबूती मिलेगी। अनुबंधित संस्था के माध्यम से पांच वर्ष की अवधि में रेलवे को करीब 17.60 लाख रुपये का गैर-किराया राजस्व भी प्राप्त होगा।रेलवे का कहना है कि स्वच्छ एवं हरित स्टेशन परिसर बनाए रखने में रेलकर्मियों के साथ यात्रियों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है

