सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक और तकनीकी पहलुओं पर होगा मंथनसकलडीहा। पीजी कॉलेज सकलडीहा में समाजशास्त्र विभाग एवं पार्श्वनाथ विद्यापीठ, वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में ‘विकसित भारत @2047 : चुनौतियां एवं संभावनाएं’ विषय पर 21 और 22 सितंबर को दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसमें देश-विदेश के शिक्षाविद, शोधकर्ता, विषय विशेषज्ञ और विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे।संगोष्ठी की तैयारियों को लेकर शनिवार को महाविद्यालय परिसर में प्रेस वार्ता हुई। प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पाण्डेय ने बताया कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक, सांस्कृतिक और तकनीकी क्षेत्रों में व्यापक विमर्श जरूरी है। संगोष्ठी में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे।उन्होंने कहा कि विकसित भारत @2047 केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि समावेशी, आत्मनिर्भर, ज्ञान आधारित और सामाजिक रूप से सशक्त भारत के निर्माण की व्यापक संकल्पना है। विभिन्न सत्रों में समाज, शिक्षा, अर्थव्यवस्था, संस्कृति, तकनीक, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तीकरण, युवा शक्ति, सामाजिक न्याय और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर मंथन होगा।संगोष्ठी में शोधार्थियों और प्रतिभागियों को शोध-पत्र प्रस्तुत करने का अवसर भी मिलेगा। संगोष्ठी संयोजक प्रो. दयाशंकर सिंह यादव ने बताया कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों और शोधार्थियों को समकालीन राष्ट्रीय विमर्श से जोड़ने के साथ शोध एवं अकादमिक संवाद को बढ़ावा देते हैं। प्रेस वार्ता में असिस्टेंट प्रोफेसर जितेन्द्र यादव सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।

