रिपोर्ट :- रघु बिंद
चंदौली। सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को जिले के विभिन्न विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ कार्यक्रम के अंतर्गत चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग करते हुए देश के भविष्य को लेकर अपनी कल्पनाओं और विचारों को रंगों के माध्यम से कागज पर उकेरा।विकासखंड नियामताबाद के कम्पोजिट विद्यालय चन्धासी और सकलडीहा के प्राथमिक विद्यालय कछमन सहित अन्य विकासखंडों के विद्यालयों में प्रतियोगिता कराई गई। बच्चों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए शिक्षा, विकास, स्वच्छता, पर्यावरण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर आकर्षक चित्र बनाए।विद्यालय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का चयन किया गया। चयनित विद्यार्थी अब तहसील स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। तहसील स्तर पर शीर्ष तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने का अवसर मिलेगा।जनपद स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एवं विजेता विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री के डिजिटल हस्ताक्षरित प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने बताया कि अभियान का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता को बढ़ावा देने के साथ ही उन्हें देश के विकास और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक करना है। प्रतियोगिता को लेकर विद्यालयों में बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।

