गढ़नोखा, बिक्रमगंज व हसन बाजार हॉल्ट पर यात्री सुविधाओं और व्यवस्थाओं का लिया जायजाडीडीयू। मंडल रेल प्रबंधक पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल उदय सिंह मीना ने शुक्रवार को डीडीयू-सासाराम–आरा रेलखंड का विंडो निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल अवसंरचना, यात्री सुविधाओं, स्वच्छता एवं परिचालन व्यवस्था का जायजा लिया।निरीक्षण के क्रम में डीआरएम ने गढ़नोखा, बिक्रमगंज और हसन बाजार हॉल्ट पर उतरकर व्यवस्थाओं को देखा तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बिक्रमगंज स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए शेष कार्यों में तेजी लाने को कहा।गड़हनी स्टेशन पर डीआरएम ने ट्रैक के पॉइंट एवं क्रॉसिंग व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रैक की ज्यामितीय स्थिति और संबंधित उपकरणों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। इस दौरान कर्मचारियों से संरक्षा को लेकर संवाद करते हुए निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए। डीआरएम ने स्वच्छता, यात्री सुविधा और परिचालन व्यवस्था की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया।



