इलिया। कृष्ण जी की बरही के उपलक्ष्य में दंगल समिति बरहुआ के तत्वावधान में बुधवार को किसान इंटर कॉलेज सैदूपुर के प्रांगण में आयोजित बहुप्रतीक्षित दंगल प्रतियोगिता पर मौसम की मार भारी पड़ गई। प्रतियोगिता का उद्घाटन होने के बाद शुरू हुई लगातार बारिश से दंगल का मैदान पानी और कीचड़ से लबालब हो गया। इसके चलते पहलवान अखाड़े में अपने दांव-पेंच नहीं दिखा सके और प्रतियोगिता स्थगित करनी पड़ी।
दंगल प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी रमेश मौर्य ने फीता काटकर किया। विभिन्न क्षेत्रों से आए पहलवान भी कुश्ती में अपना हुनर दिखाने के लिए पहुंचे थे। वहीं दंगल देखने के लिए क्षेत्र के बड़ी संख्या में दर्शक भी मैदान में जुटे थे। उद्घाटन के बाद बारिश तेज होने लगी और देखते ही देखते पूरा मैदान जलमग्न हो गया।
मैदान की स्थिति को देखते हुए आयोजकों ने पहलवानों और दर्शकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कुश्ती प्रतियोगिता स्थगित करने का निर्णय लिया। दंगल को लेकर क्षेत्रवासियों में कई दिनों से उत्साह था, लेकिन बारिश के कारण लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
वहीं मेला परिसर में विभिन्न प्रकार की दुकानें सजी थीं। बच्चों ने झूले और मनोरंजन के अन्य साधनों का आनंद उठाया, लेकिन लगातार बारिश के कारण मेले की रौनक भी फीकी पड़ गई।
दंगल समिति के अध्यक्ष राम अवतार जायसवाल ने बताया कि बारिश के कारण प्रतियोगिता आयोजित नहीं हो सकी। मौसम अनुकूल होने के बाद दंगल आयोजित कराने को लेकर आगे निर्णय लिया जाएगा।
इस दौरान महामंत्री गुड्डू मौर्य, कोषाध्यक्ष रंजीत पासवान, उपाध्यक्ष गोरखनाथ मौर्य, जमालु अली, मालिक, चंदन सेठ, उपेंद्र पांडेय, जमालुद्दीन सहित समिति के पदाधिकारी एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

