पीडीडीयू/चंदौली। अंतर्राष्ट्रीय दिव्य गंगा महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन दिव्य गंगा सेवा मिशन, हरिद्वार के तत्वावधान में किया गया। महोत्सव में देश-विदेश से पहुंचे कलाकारों एवं साहित्यकारों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रतिभा का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम में काशी से पहुंचे प्रख्यात कवि इंद्रजीत ‘निर्भीक’ एवं अस्मिता नाट्य संस्थान के महासचिव विजय कुमार गुप्ता ने सहभागिता की। उनके साहित्यिक एवं सांस्कृतिक योगदान को देखते हुए आयोजक संस्था की ओर से विजय कुमार गुप्ता को ‘दीप गंगा सम्मान’ से सम्मानित किया गया।पूर्व मिस इंडिया निधि सक्सेना ने उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किया। सम्मान मिलने पर उपस्थित साहित्यकारों एवं कलाकारों ने उन्हें बधाई दी।आयोजकों ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य गंगा की निर्मलता एवं अविरलता के प्रति लोगों को जागरूक करना, गंगा को प्रदूषण से बचाने के लिए जनभागीदारी बढ़ाना और जल संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। इस अवसर पर पवन सिंह, केशव पांडेय, महेश दुबे, इंद्रदेव शर्मा, आचार्य धीरज द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में कलाकार, साहित्यकार एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

